उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान :

 उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस

हिंदी हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान : 


बस्ती (एएसपी टाइम्स) उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हिंदी दिवस के अवसर पर विविध सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं गौरव की भावना विकसित करना तथा हिंदी के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना रहा।


कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।


इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री विनय शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा, “हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और राष्ट्रीय एकता की पहचान है। हमें हिंदी का सम्मान करते हुए अपने दैनिक जीवन में इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। आज के आधुनिक एवं तकनीकी युग में भी हिंदी का महत्व निरंतर बढ़ रहा है।”


विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शशि प्रभा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “भाषा व्यक्ति के विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। हिंदी हमारी मातृभाषा होने के साथ-साथ हमारी समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत की संवाहक भी है। विद्यार्थियों को हिंदी पढ़ने, लिखने और बोलने में गर्व महसूस करना चाहिए।”


कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने भी हिंदी दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने कहा कि हिंदी हमारी भावनाओं को सहज एवं प्रभावी ढंग से व्यक्त करने वाली भाषा है और नई पीढ़ी को हिंदी साहित्य एवं भाषा से जोड़ना हम सभी का दायित्व है। अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा हिंदी साहित्य के अध्ययन के लिए प्रेरित किया।


विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की समृद्धि एवं उपयोगिता को दर्शाते हुए विभिन्न प्रस्तुतियाँ दीं। हिंदी दिवस पर आयोजित भाषण, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया।


कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।


उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में आयोजित हिंदी दिवस समारोह ने विद्यार्थियों को अपनी भाषा, संस्कृति और साहित्य से जुड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Post a Comment

0 Comments