रुधौली-309 में संजय चौधरी का बढ़ा सियासी कद, तीन दशक की सक्रियता के साथ दावेदारी ने खींचा ध्यान, 2027 में 309 रुधौली विधानसभा से मिल सकता है टिकट
1991 से भाजपा और संगठन से जुड़ा सफर, विधानसभा चुनाव से लेकर जिला पंचायत व सहकारिता तक निभा चुके हैं अहम जिम्मेदारियां, 35 वर्षों का लंबा अनुभव
बस्ती (एएसपी टाइम्स)रुधौली विधानसभा क्षेत्र-309 में आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय चौधरी का नाम संभावित दावेदारों में प्रमुखता से चर्चा में है। करीब तीन दशक से अधिक समय से भाजपा और संगठन से जुड़े संजय चौधरी का राजनीतिक सफर संगठन, चुनाव और सहकारिता से लेकर पंचायती राजनीति तक फैला हुआ है।
संजय चौधरी वर्ष 1991 से भाजपा में सक्रिय हैं। इसी दौर में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में भी सक्रिय भूमिका निभाई। संगठन से लंबे जुड़ाव के बाद वर्ष 1996 में रुधौली (रामनगर) विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के घोषित प्रत्याशी बनाए गए। इसके बाद 2007 में रुधौली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे।
संगठन के भीतर भी संजय चौधरी को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलीं। वे दो बार भाजपा जिला उपाध्यक्ष रहे, जबकि एक बार गोरखपुर क्षेत्र भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
सिर्फ संगठन तक सीमित नहीं रहा उनका राजनीतिक सफर। सहकारिता के क्षेत्र में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। संजय चौधरी एक बार सहकारी बैंक के अध्यक्ष और दो बार प्रशासक रह चुके हैं। वहीं पंचायती राजनीति में भी उनकी सक्रियता रही है और वे जिला पंचायत अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
वर्तमान में वे जिला पंचायत के प्रशासक की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
भाजपा संगठन में वर्ष 1991 से सक्रियता, दो विधानसभा चुनावों का अनुभव, संगठन के विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी और सहकारिता व जिला पंचायत में भूमिका—इन तमाम पड़ावों के चलते रुधौली विधानसभा-309 में संजय चौधरी का नाम संभावित दावेदारों की चर्चा में लगातार सामने आ रहा है।
अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं। रुधौली के सियासी मैदान में लंबे संगठनात्मक अनुभव वाले संजय चौधरी की सक्रियता ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है।












0 Comments