लेखपाल संघ चुनाव सम्पन्न: कई बार रिकाउंटिंग के बाद भी 6 वोट से जीते डॉ. राजेश पांडे, अंकित चौधरी बने जिला मंत्री

लेखपाल संघ चुनाव सम्पन्न: कई बार रिकाउंटिंग के बाद भी 6 वोट से जीते डॉ. राजेश पांडे, अंकित चौधरी बने जिला मंत्री

बस्ती (एएसपी टाइम्स) शुक्रवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के चुनाव के तहत बस्ती सदर तहसील में मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। इस चुनाव में डॉ. राजेश पांडे ने जिला अध्यक्ष पद पर तथा अंकित चौधरी ने जिला मंत्री पद पर शानदार जीत दर्ज की।

मतगणना के दौरान परिणाम को लेकर विपक्षी पक्ष द्वारा कई बार रिकाउंटिंग (पुनर्गणना) की मांग की गई। अधिकारियों की मौजूदगी में बार-बार वोटों की गिनती कराई गई, लेकिन हर बार परिणाम यथावत रहा। अंततः डॉ. राजेश पांडे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 6 वोटों के अंतर से पराजित करते हुए जीत हासिल की। इसको लेकर कुछ समय तक हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। विजेताओं को फूल-मालाओं से लाद दिया गया और जमकर स्वागत किया गया। समर्थकों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।

जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश पांडे ने कहा कि यह जीत पूरे लेखपाल संघ की जीत है। उन्होंने कहा कि वे संगठन की एकता, मजबूती और लेखपालों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहने का आश्वासन दिया।

जिला मंत्री अंकित चौधरी ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि लेखपालों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनके हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अधिकारियों की निगरानी में मतदान और मतगणना संपन्न कराई गई, जिससे चुनाव की निष्पक्षता बनी रही। फिलहाल पूरे जिले में इस चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं और नव निर्वाचित पदाधिकारियों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

Post a Comment

0 Comments