बनकटी में वृहद जनकल्याणकारी कैंप, सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
समाज कल्याण एवं महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने प्राप्त किए आवेदन, दिव्यांगजनों के 42 प्रमाण पत्र जारी
बस्ती (एएसपी टाइम्स) आदर्श नगर पंचायत बनकटी कार्यालय परिसर में शनिवार को वरिष्ठ भाजपा नेता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि इं. अरविंद पाल तथा नगर पंचायत अध्यक्ष उर्मिला देवी की देखरेख में वृहद जनकल्याणकारी कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। विभिन्न विभागों की टीमों ने पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त करने, ई-केवाईसी कराने तथा सहायक उपकरणों के लिए पंजीकरण सहित अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कीं।
कैंप का उद्घाटन भगवत प्रसाद यादव, चंद्रभान पाल, सुग्रीव पाल एवं इं. अरविंद पाल ने संयुक्त रूप से किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम नागरिकों, बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना रहा।
कैंप में समाज कल्याण विभाग की ओर से 54 नए आवेदन प्राप्त किए गए तथा 58 लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराई गई। जिला प्रोबेशन एवं महिला कल्याण विभाग की ओर से 32 आवेदन लिए गए और 23 लाभार्थियों की ई-केवाईसी की गई। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 42 नए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। इसके अलावा सहायक उपकरणों के लिए ट्राईसाइकिल के आठ, व्हीलचेयर के आठ तथा कान की मशीन के लिए पांच आवेदन प्राप्त हुए।
स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने भी कैंप में पहुंचकर लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराईं तथा शासन की योजनाओं की जानकारी दी। शिविर के माध्यम से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल की गई।
इस अवसर पर इं. अरविंद पाल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के आयोजन से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होती हैं और उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलती है।
कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, लाभार्थी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।












0 Comments