सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले पूर्व सांसद अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल, विधानसभा चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
बस्ती:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज से संतकबीरनगर के पूर्व सांसद अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल ने लखनऊ पांच कालिदास मार्ग में शिष्टाचार मुलाक़ात की। मुलाक़ात के दौरान क्षेत्रीय विकास, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
एएसपी टाइम्स से बातचीत में पूर्व सांसद अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मार्गदर्शन और आशीर्वाद भी प्राप्त किया। श्री शुक्ल ने कहा कि वह लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय हैं और अब पुनः सक्रिय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं।
उन्होंने संतकबीरनगर और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं—सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं—को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।
पूर्व सांसद अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल ने यह भी बताया कि वह काफी समय से भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और पार्टी की नीतियों व विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा रखते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और जनता की सेवा के लिए वह लगातार कार्य कर रहे हैं।
अगर उनके राजनीतिक सफर की बात करें तो श्री शुक्ल का सार्वजनिक जीवन 1973 में गोरखपुर स्थित टीडीएम में छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में चुने जाने से शुरू हुआ। इसके बाद 1977 में सेंट एंड्रयूज पीजी कॉलेज, गोरखपुर में छात्र संघ के महासचिव बने। छात्र राजनीति से निकलकर उन्होंने संगठनात्मक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और विभिन्न पदों पर कार्य किया।
वर्ष 1991 में उन्होंने खलीलाबाद से चुनाव लड़ते हुए जनता दल के प्रत्याशी को हराकर लोकसभा के लिए निर्वाचित होकर 10वीं लोकसभा के सदस्य बने और 1996 तक अपना कार्यकाल पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 1999 में पुनः लोकसभा चुनाव लड़ा तथा 2007 में बस्ती से विधानसभा चुनाव में भी अपनी दावेदारी पेश की।
संगठन में उनकी सक्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह गोरखपुर, देवरिया सहित कई जिलों में भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी रहे। वर्ष 2010 से 2012 तक गोरखपुर तथा 2012 से 2015 तक देवरिया में संगठन की जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी हैं।
मुलाक़ात के अंत में अष्टभुजा प्रसाद शुक्ल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में संतकबीरनगर सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी और उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिलेगा।













0 Comments