सेंट्रल एकेडमी स्कूल में छात्रों को मिलेगा एक लाख रुपये का स्कॉलरशिप
बस्ती (एएसपी टाइम्स) सेंट्रल एकेडमी स्कूल की प्रधानाचार्या दीपिका तिवारी ने बताया कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना पहली प्राथमिकता है। इसी के साथ छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष स्कॉलरशिप योजना भी चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जो छात्र विद्यालय से लगातार 10 वर्षों तक जुड़े रहते हैं उन्हें 70 हजार रुपये, जबकि 12 वर्षों तक अध्ययन करने वाले छात्रों को 1 लाख रुपये का स्कॉलरशिप दिया जाता है। इस योजना का उद्देश्य छात्रों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रधानाचार्या दीपिका तिवारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी देश की रीढ़ होती है। यदि यह मजबूत है तो देश भी मजबूती से आगे बढ़ता है। भारत की शिक्षा प्रणाली में कई खूबियाँ हैं, लेकिन कुछ कमियाँ भी हैं जिन्हें नजरअंदाज करना भविष्य के लिए सही नहीं होगा। इसलिए शिक्षा व्यवस्था में समय-समय पर सुधार होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अक्सर छात्र किताबें याद करके परीक्षा पास कर लेते हैं, लेकिन वास्तविक ज्ञान और समझ विकसित नहीं हो पाती। आज जरूरत ऐसी शिक्षा प्रणाली की है जो व्यावहारिक ज्ञान, क्रिटिकल थिंकिंग और समस्या समाधान क्षमता को बढ़ावा दे।
विद्यालय के प्रबंधक जेपी तिवारी ने कहा कि सेंट्रल एकेडमी स्कूल का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना ही नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन लगातार ऐसी योजनाएं ला रहा है जिससे छात्रों को बेहतर शिक्षा, मार्गदर्शन और भविष्य में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। स्कॉलरशिप योजना भी इसी सोच का हिस्सा है, ताकि मेधावी और समर्पित छात्रों को प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने कहा कि सेंट्रल एकेडमी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण और आधुनिक शिक्षण पद्धति के माध्यम से छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।













0 Comments