भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप पांडे ने होली पर बस्तीवासियों को दी शुभकामनाएं, चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
बस्ती भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप पांडे ने होली के पावन पर्व पर समस्त बस्तीवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे के साथ हर्षोल्लासपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की।
दिलीप पांडे ने कहा कि जब से उन्हें भाजपा किसान मोर्चा में जिला अध्यक्ष का दायित्व मिला है, तब से वे निरंतर किसानों के हितों के लिए संघर्षरत हैं। किसानों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जब से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, तब से आज तक वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से पार्टी हित में कार्य करते आ रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। संगठन को मजबूत बनाने के लिए वे लगातार कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और संपर्क बनाए हुए हैं।
विधानसभा और लोकसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने हर चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से कार्य किया।
मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए दिलीप पांडे ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें किसी भी चुनाव में प्रत्याशी के रूप में जिम्मेदारी देती है, तो वे पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए वे हर कदम उठाने को प्रतिबद्ध हैं।
अंत में उन्होंने बस्तीवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को सुरक्षित एवं आनंदमय होली मनाने का संदेश दिया।













0 Comments