गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और लंबी लाइनों पर मनोज चौधरी ने सरकार को घेरा, बोले—जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी चुप
बस्ती (एएसपी टाइम्स)रुधौली विधानसभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी और समाजसेवी मनोज चौधरी ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा निशाना साधा।
मनोज चौधरी ने बताया कि उन्होंने दिनभर क्षेत्र में भ्रमण किया और कई जगहों पर लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय गैस एजेंसी का भी दौरा किया, जहां सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। उन्होंने कहा कि आम जनता गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ी रहने को मजबूर है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार यह कह रही है कि पेट्रोल और गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर अचानक गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि करने की क्या जरूरत पड़ गई। बढ़ती महंगाई के बीच गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ना सीधे तौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है।
मनोज चौधरी ने यह भी कहा कि सबसे चिंता की बात यह है कि गैस सिलेंडर की समस्या को लेकर न तो कोई जनप्रतिनिधि खुलकर बोल रहा है और न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी इस मुद्दे पर ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की रोजमर्रा की जरूरत से जुड़ा यह बड़ा मुद्दा है, लेकिन जिम्मेदार लोग चुप्पी साधे हुए हैं।
उन्होंने मांग की कि सरकार गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर तुरंत रोक लगाए और एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनों और वितरण व्यवस्था को भी बेहतर बनाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।













0 Comments