बस्ती में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न, साम्प्रदायिक सौहार्द व जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

 बस्ती में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न, साम्प्रदायिक सौहार्द व जनसमस्याओं पर हुई चर्चा

बस्ती, (एएसपी टाइम्स) कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी की अध्यक्षता में  जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय चौधरी ने कहा कि समिति का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, भाईचारा, धर्मनिरपेक्षता एवं लोकतंत्र की भावना को बढ़ावा देना तथा साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए जनहित में कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में सुझाव देना है। उन्होंने बताया कि प्रमुख त्यौहारों होली, ईद एवं रामनवमी के अवसर पर आपसी मेलजोल और सौहार्द के साथ सामूहिक आयोजन सुनिश्चित करने के लिए समिति संवेदनशीलतापूर्वक कार्य कर रही है।

जिला पंचायत अध्यक्ष के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने एनएचआई के अधिकारियों को सर्विस रोड फुटहिया की खराब स्थिति तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही मूडघाट, बड़ेवन, पटेल चौक, कप्तानगंज एवं हर्रैया क्षेत्र की सर्विस रोड तथा प्रकाश व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त कराने को कहा।

विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र ने निकट स्थित पानी टंकी के पास स्थापित संत गाडगे की प्रतिमा के वर्तमान स्थान को अनुपयुक्त बताते हुए जनहित में उसके विस्थापन की मांग की। इस पर एडीएम ने अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निरीक्षण कर उचित समाधान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह ने जिला अस्पताल एवं महिला अस्पताल में शव वाहन से दवाओं के परिवहन को अनुचित बताया। समिति सदस्य एवं वरिष्ठ पत्रकार सरदार जगवीर सिंह ने पत्रकारों को लोकल पर्चेज की आवश्यक दवाएं उपलब्ध न कराए जाने का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य चिकित्साधिकारी राजीव निगम ने शव वाहन प्रकरण की जांच कर कार्रवाई तथा पत्रकारों को शासनादेश के अनुरूप निःशुल्क दवा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पुनः समीक्षा का आश्वासन दिया।

विधायक प्रतिनिधि गुलाब चन्द्र सोनकर ने अस्पताल चौराहे पर लगे विद्युत पोल की शिफ्टिंग न होने का मुद्दा उठाया, जिस पर अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नामित सदस्य मजहर आजाद ने दलित एवं मलिन बस्तियों में कैम्प लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाने की मांग की। इस पर अधिशासी अधिकारी नगरपालिका एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ पत्रकार स्कन्द शुक्ला एवं अनुराग श्रीवास्तव ने जनहित के मुद्दे उठाए, जिनके समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

विधायक प्रतिनिधि महादेवा फूल चन्द्र श्रीवास्तव ने स्पेशल एजुकेटर चयन सूची निरस्त होने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने शासन की गाइडलाइन के अनुसार चयन प्रक्रिया पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि जवाहर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि रूधौली कुलदीप मौर्या, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, आईसीडीएस राजेश कुमार, समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments