'भारत@2047: Gen-Z की भागीदारी' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायन सिंह बोले– विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम
बस्ती (एएसपी टाइम्स) विकास खण्ड बनकटी के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायन सिंह ने शुक्रवार को "भारत@2047: Gen-Z की भागीदारी" विषय पर आयोजित My Friend Gen-Z Campus Connect कार्यक्रम के तहत क्षेत्र के पांच प्रमुख शिक्षण संस्थानों का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को विकसित भारत के संकल्प, राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारियों तथा सामाजिक एवं तकनीकी क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को साकार करने में आज की युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायन सिंह ने एफ.एस.जी.डी. कान्वेंट स्कूल, महादेवा, नेशनल पब्लिक स्कूल, तुरकौलिया, हरिवंश चौधरी इंटर कॉलेज, सिरौता, पी.पी.सी. इंटर कॉलेज, मचियवा तथा एस.डी.एस. इंटर कॉलेज, खडौहा में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। प्रत्येक विद्यालय में उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार, डिजिटल तकनीक, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने के लिए युवाओं को केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला, नवाचार को अपनाने वाला तथा समाज के प्रति संवेदनशील नागरिक बनना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को लगातार विकसित करने, नई तकनीकों को सीखने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संवाद के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएं रखीं और विकसित भारत, शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया तथा सामाजिक विकास जैसे विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए। युवाओं का जोश, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका दृढ़ संकल्प पूरे कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित पाण्डेय 'पवन', पांचों विद्यालयों के प्रबंधकगण, प्रधानाचार्य, सम्मानित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार बताया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। उपस्थित लोगों ने ऐसे संवाद कार्यक्रमों को युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।













0 Comments