श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर सरस्वती विद्या मंदिर में विशेष कार्यक्रम, सविष्कार महोत्सव के विजेता भैया सम्मानित

 श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर सरस्वती विद्या मंदिर में विशेष कार्यक्रम, सविष्कार महोत्सव के विजेता भैया सम्मानित

बस्ती (एएसपी टाइम्स) भगवान श्रीराम जी के भव्य मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ के पावन अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग बस्ती में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित सभी भैयाओं ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सहभागिता की।

इस अवसर पर विद्यालय के आचार्य श्री वायुनन्दन मिश्र जी ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के साक्षी होने का अनुभव साझा करते हुए भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रप्रेम से जुड़े प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से भैयाओं को जीवन में उच्च मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने भैयाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं, जिन्हें अपने आचरण में उतारना ही सच्ची श्रद्धा है।

इसी क्रम में वंदना सभा के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित “सविष्कार – युवा सृजन नवाचार महोत्सव” में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भैयाओं एवं उनके मार्गदर्शक आचार्य को सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि इस महोत्सव में सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग बस्ती के भैयाओं ने जूनियर वर्ग में नवाचार आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की।

प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी के नेतृत्व एवं आचार्य अंकित कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में भैयाओं ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्थान प्राप्त किए।

भैया सचिन एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5100 की पुरस्कार राशि, मेडल एवं प्रमाण पत्र हासिल किया।

भैया अथर्व गुप्ता ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर ₹2100 की पुरस्कार राशि, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्राप्त किया।

भैया अखण्ड जायसवाल ने पंचम स्थान प्राप्त कर ₹1000 की पुरस्कार राशि अर्जित की।

वहीं भैया सूर्यांश को उनके सराहनीय प्रयास के लिए सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल गाडिया जी, प्रबंधक प्रो. डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह जी, कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी जी सहित समस्त प्रबंध समिति सदस्यों ने भैयाओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह सफलता विद्यालय, अभिभावकों एवं सम्पूर्ण क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है

Post a Comment

0 Comments