सीएमएस स्कूल स्थापना दिवस पर भव्य वार्षिकोत्सव
पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
बस्ती:(एएसपी टाइम्स) सीएमएस स्कूल के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान से हुई, जिसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राघवेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में छात्रों को अनुशासन, परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वहीं सीएमएस ग्रुप के डायरेक्टर अनूप खरे ने विद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय द्वारा मेधावी एवं जरूरतमंद छात्रों को निशुल्क टैबलेट एवं लैपटॉप प्रदान किए जा रहे हैं, ताकि वे डिजिटल शिक्षा से जुड़कर अपने ज्ञान को और अधिक विस्तारित कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय का लक्ष्य केवल शैक्षणिक सफलता तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। इसके लिए समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता मनमोहन श्रीवास्तव, काजू अश्वनी श्रीवास्तव, सत्येंद्र श्रीवास्तव, अजय सिंह, गौतम, दिव्यांशु खरे, रमन श्रीवास्तव, ऋषभ श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें सभी अतिथियों, अभिभावकों और आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।













0 Comments