स्वर्गीय सुनीता सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह एवं भंडारा का आयोजन

 स्वर्गीय सुनीता सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह एवं भंडारा का आयोजन

बस्ती: (एएसपी टाइम्स)  सुनीता सिंह, संस्थापिका श्रीनेत ग्लोबल स्कूल की पुण्यतिथि के अवसर पर विद्यालय परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य अतिथियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने स्वर्गीय सुनीता सिंह के शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान, उनके समर्पण, दूरदर्शिता और समाजसेवा के कार्यों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

विद्यालय के प्रबंधक राम प्रताप सिंह ने कहा, “स्वर्गीय सुनीता सिंह जी ने जिस उद्देश्य और संकल्प के साथ विद्यालय की स्थापना की थी, वह हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका सपना था कि हर बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार भी प्राप्त करे। हम सभी का कर्तव्य है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उनकी स्मृतियां सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी।”

श्रद्धांजलि सभा के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावुक एवं श्रद्धामय बना रहा। विद्यालय प्रबंधन ने संकल्प लिया कि स्वर्गीय सुनीता सिंह के सपनों को साकार करने हेतु शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जाता रहेगा।

Post a Comment

0 Comments