दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन

 दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन


बस्ती (एएसपी टाइम्स) दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मानसिक दबाव को कम करने और उन्हें परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करने हेतु ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शी एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम “परीक्षा पे चर्चा” की भावना पर आधारित रहा।

इस अवसर पर ऐलन करियर इंस्टिट्यूट, कोटा (राजस्थान) से आए मुख्य अतिथियों — सीनियर कैंपस प्रिंसिपल अमित जोशी, सीनियर फिजिक्स मेंटर मनोज मेहता, सीनियर काउंसलर करण शुक्ला एवं अनुराग — की विशिष्ट उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक श्री जे. पी. सिंह एवं प्रधानाचार्य गोपाल त्रिपाठी सहित सभी अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन सीसीए इंचार्ज सुश्री दिव्या त्रिपाठी ने किया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में विद्यालय प्रबंधक जे. पी. सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और तिलक लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।

मुख्य अतिथि अमित जोशी ने विद्यार्थियों को समय-सारणी बनाकर चरणबद्ध अध्ययन करने की महत्ता बताई। वहीं फिजिक्स मेंटर मनोज मेहता ने विद्यार्थियों को स्टेप राइटिंग, सीमित शब्दों में उत्तर लेखन तथा मुख्य बिंदुओं को उभारकर प्रस्तुत करने की तकनीकें समझाईं।

सीनियर काउंसलर करण शुक्ला ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को तत्क्षण पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में ओलंपियाड में ऑल इंडिया रैंक–1 प्राप्त करने वाले संस्कार मिश्रा को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 15 विद्यार्थियों को, जिन्होंने अपनी कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया या बोर्ड परीक्षा में 95% से अधिक अंक प्राप्त किए, स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों — प्रशांत त्रिपाठी, अनूप पांडे, इंद्र मिश्रा, अवनीश पाठक, पंकज गुप्ता, शिवेंद्र त्रिपाठी, भूपेंद्र त्रिपाठी, अमर बादवानी, वेद प्रकाश सिंह, लकी शुक्ला एवं दिनेश यादव — को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में बबलू रिज़वी, अनिल सिंह, अंगद चौरसिया, हर्षिता पांडे, स्वाति सिंह, अर्पिता, आयशा सहित सभी शिक्षकों एवं स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

कार्यक्रम की भव्यता और उपयोगिता को देखकर विद्यार्थी अत्यंत उत्साहित और प्रसन्न दिखाई दिए। अभिभावकों ने भी इस आयोजन की भरपूर सराहना की। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, संस्थान समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि विद्यार्थियों का मानसिक दबाव कम हो सके और उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़े।

विद्यालय में ऐलन इंस्टिट्यूट, कोटा की अध्ययन सामग्री तथा एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम निरंतर उत्कृष्ट रहा है और वे अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हैं।

Post a Comment

0 Comments