डायट में आयोजित दो दिवसीय नवाचार महोत्सव सम्पन्न
बस्ती (एएसपी टाइम्स) जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित दो दिवसीय जनपद स्तरीय नवाचार महोत्सव, बेस्ट प्रैक्टिस एवं नॉलेज शेयरिंग महोत्सव का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला आपदा विशेषज्ञ रणजीत रंजन एवं प्राचार्य ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और विजेता शिक्षकों तथा डीएलएड प्रशिक्षुओं को पुरस्कार प्रदान किए। चयनित नवाचारी शिक्षक एससीईआरटी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाना और शिक्षकों को नवीनतम शिक्षण विधियों तथा प्रयोगों को साझा करने का अवसर प्रदान करना था। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों में अभिनव प्रयोगों और तकनीकों का प्रदर्शन किया। भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों को सरल बनाने के लिए शिक्षकों ने मॉडल, चार्ट और गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी। प्रशिक्षुओं ने इन शिक्षण-अधिगम सामग्रियों का अवलोकन किया और प्रेरणा प्राप्त की। मुख्य अतिथि ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर ही नहीं, बल्कि जनपद स्तर पर शिक्षा में नवाचार की ठोस नींव रखने का कार्य है। डायट प्राचार्य ने कहा कि यह मंच शिक्षकों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए नवीन पद्धतियों का मार्ग प्रशस्त करेगा। विषय विशेषज्ञों की निर्णायक समिति ने उत्कृष्ट नवाचार प्रस्तुत करने वाले शिक्षकों को पुरस्कृत किया। माध्यमिक स्तर पर डॉ. विवेक मणि त्रिपाठी प्रथम, श्री शैलेश पटवा द्वितीय, श्रीमती गीता उपाध्याय तृतीय और श्रीमती नीलम गुप्ता व श्री देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को सांत्वना पुरस्कार मिला। प्राथमिक स्तर पर सुषमा त्रिपाठी प्रथम, बालमुकुंद द्वितीय, प्रियंका तृतीय और मीना शर्मा तथा अनुराग को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। उच्च प्राथमिक स्तर पर सुरभि ओझा प्रथम, अनूप कुमार द्विवेदी द्वितीय, रोशनी कुमारी तृतीय और निवेदिता त्रिपाठी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।













0 Comments