पाँचवीं बार अध्यक्ष पद हेतु मैदान में अधिवक्ता रमाशंकर पांडेय

 पाँचवीं बार अध्यक्ष पद हेतु मैदान में अधिवक्ता रमाशंकर पांडेय

बस्ती सिविल बार एसोसिएशन, के आगामी चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष पद हेतु वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर पांडेय पाँचवीं बार चुनाव मैदान में हैं। उनके नामांकन के बाद बार परिसर में व्यापक चर्चा का माहौल है और समर्थकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि अधिवक्ता रमाशंकर पांडेय इससे पूर्व चार बार बस्ती सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने पूर्व कार्यकाल में उन्होंने अधिवक्ताओं की एकता, संगठन की सुदृढ़ता तथा बार के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल की थीं। अधिवक्ताओं के अधिकारों की रक्षा और संगठनात्मक मजबूती उनकी प्राथमिकताओं में रही है।

मीडिया से बात करते हुए अधिवक्ता रमाशंकर पांडेय ने कहा—

“आज जिस प्रकार अधिवक्ताओं पर हमले और हत्याओं की घटनाएँ सामने आ रही हैं, वह अत्यंत चिंताजनक है। अधिवक्ताओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए हमें एकजुट होकर आगे आना होगा। अधिवक्ताओं के हितों की लड़ाई को मजबूती से लड़ना समय की आवश्यकता है। संगठन की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें पुनः अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलती है, तो वे अधिवक्ताओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष को और सशक्त करेंगे तथा संगठन को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।

चुनाव को लेकर बार परिसर में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है और अधिवक्ताओं के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा जारी है।

Post a Comment

0 Comments