भानपुर में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित, सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना सशक्त करने पर जोर

 भानपुर में भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित, सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना सशक्त करने पर जोर

भानपुर, बस्ती (एएसपी टाइम्स) संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत तृतीय चरण के कार्यक्रम के रूप में भानपुर बाजार स्थित सब्जी मंडी में एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में सनातन धर्म, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करना रहा। डुमरियागंज, इटवा, बांसी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह प्रांत प्रचारक सुरजीत जी रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में धर्म रक्षा, गौ सेवा और सामाजिक समरसता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा समाज को एक सूत्र में बांधती है और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है। उन्होंने मातृशक्तियों सहित सभी से अपने घरों में “सोने के साथ-साथ लोहे” को भी रखने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि सनातन धर्म रक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत डॉ. स्वामी महेश योगी जी ने कहा कि भारत संतों और सनातन संस्कृति की भूमि है। अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित होना आवश्यक है तथा पश्चिमी प्रभाव से दूर रहकर भारतीय परंपराओं से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति और संगठन ही राष्ट्र निर्माण एवं विश्व कल्याण का आधार हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर ओमप्रकाश जी ने की। उन्होंने उपस्थित हिंदू जनमानस का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।

सम्मेलन को रामनगर ब्लॉक प्रमुख यशकांत सिंह, लक्ष्मीकांत पांडेय ‘पप्पू’, सत्येंद्र शुक्ल ‘जिप्पी’ सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक नितेश शर्मा के साथ प्रशांत सिंह, भगवंत गुप्ता, अरुण जी, राघवेंद्र जी, सुरेश गुप्ता जी, हेमंत गुप्ता जी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments