नववर्ष पर युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील
— अखिलेश चौधरी ने जनपदवासियों को दी शुभकामनाएं
बस्ती (एएसपी टाइम्स) नववर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अखिलेश चौधरी ने जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से अपने दायित्वों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति है, लेकिन दुर्भाग्यवश एक बड़ा वर्ग अपने लक्ष्य से भटकता नजर आ रहा है।
अखिलेश चौधरी ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग का अत्यधिक समय सोशल मीडिया पर व्यर्थ हो रहा है। इसके साथ ही नशे की बुरी आदतें भी युवाओं को अपने आगोश में लेती जा रही हैं, जो समाज और देश दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा और अनुशासनहीनता युवाओं के भविष्य को अंधकार की ओर ले जाती है, जबकि युवा ही विकसित भारत की सशक्त तस्वीर हैं।
उन्होंने कहा कि यदि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है तो युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति सजग और प्रतिबद्ध होना होगा। शिक्षा, कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सेवा के माध्यम से ही युवा देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास करें।
इस अवसर पर अखिलेश चौधरी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम बार गृह जनपद आगमन को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर गोरखपुर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर बस्ती जनपद से सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता गोरखपुर जाएंगे और अपने नेता का जोरदार स्वागत करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। यह दौरा संगठन को और मजबूत करेगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। अखिलेश चौधरी ने विश्वास जताया कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
अंत में उन्होंने नववर्ष पर जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि वर्ष 2026 सभी के जीवन में सकारात्मक बदलाव और नई उपलब्धियां लेकर आए।





.jpg)
.jpg)



0 Comments