आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ लिटिल फ्लावर्स स्कूल में विधि-विधान से संपन्न हुआ सरस्वती-पूजन

बस्ती (एएसपी टाइम्स)  वसंत पंचमी के पावन अवसर एवं विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के अवतरण-दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम (वाल्टरगंज), बस्ती में सरस्वती-पूजन का भव्य आयोजन श्रद्धा, आस्था एवं पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूजन कार्यक्रम अयोध्या से पधारे विद्वान पुरोहित आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के  प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं  निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह ने पुरोहित आचार्यों के निर्देशन में विधिवत स्तवन, पूजन एवं हवन में सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों सहित पूरे विद्यालय परिवार ने सामूहिक रूप से सहभाग कर माँ सरस्वती की आराधना की।

अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में माननीय प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह जी ने कहा कि विद्यालय एक मंदिर है और उसकी आराध्या माँ सरस्वती हैं। उन्होंने माँ सरस्वती से प्रार्थना की कि विद्यालय का सर्वांगीण विकास हो तथा यहाँ अध्ययनरत छात्र-छात्राएँ सक्षम, संस्कारित और सफल बनकर देश, समाज एवं विश्व-कल्याण के साथ आत्म-कल्याण के पथ पर अग्रसर हों। साथ ही संपूर्ण विद्यालय परिवार के लिए सुख, समृद्धि और सफलता की कामना की।

वहीं निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह जी ने अपनी भावपूर्ण अभिव्यक्ति में माँ सरस्वती से विद्यालय के समग्र विकास, लक्ष्यों की प्राप्ति में सफलता तथा विद्यालय परिवार के मंगल और कल्याण की कामना की।

पूजन-समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह  ने प्रबंधक एवं निदेशिका की गरिमामयी उपस्थिति के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। साथ ही माँ सरस्वती से विद्यालय परिवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उपस्थित समस्त छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर सहयोगियों को शुभकामनाएँ दीं।